टोहाना/जाखल, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): डी.सी. डॉ. विवेक भारती ने वीरवार को टोहाना, जाखल और धारसूल की अनाज मंडियों का दौरा कर धान खरीद की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडियों में खरीद प्रक्रिया, गेट पास, तौल, उठान, भंडारण, साफ-सफाई सहित किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की खरीद पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध तरीके से हो तथा किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न आए। उन्होंने कहा कि तौल, खरीद और उठान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और किसानों की शिकायतों का मौके पर ही प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
गेट पास व्यवस्था पर रहेगी सख्त निगरानी
डीसी ने गेट पास व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पूरी प्रक्रिया को कंप्यूटराइज्ड एवं पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गेट पास जारी करने में किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डीसी ने मंडियों में पेयजल, शौचालय, बिजली, रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा किसानों एवं मजदूरों की सुविधा के लिए भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन के दौरान मंडियों में भीड़ को देखते हुए सभी मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।
सुखाई हुई फसल मंडी में लाएं किसान, पराली न जलाएं
डीसी डॉ. विवेक भारती ने किसानों से अपील की कि वे धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि फसल अवशेष जलाने से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। किसान पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध मशीनरी और तकनीकों का उपयोग करें।
जाखल में वैकल्पिक फाटक का कार्य 5 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश
जाखल में रेलवे से संबंधित निर्माण कार्यों के चलते किसानों एवं आमजन के आवागमन को ध्यान में रखते हुए डीसी ने वैकल्पिक व्यवस्था की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के वैकल्पिक फाटक का कार्य 5 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीद सीजन में किसानों को मंडी तक फसल पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कुशल बूरा, कार्यकारी अभियंता आनंद, संदीप सहित मार्केट कमेटी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






