कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अंतर्गत प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण संस्थान कुरुक्षेत्र द्वारा जिला करनाल की महिला किसानों को प्राकृतिक खेती संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
डीडीए डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि महिला किसानों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने घर से ही प्राकृतिक खेती की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। महिलाएं अपने घर में किचन गार्डन स्थापित करके प्राकृतिक खेती की ओर पहला कदम बढ़ा सकती है तथा परिवार के लिए ताजी एवं प्राकृतिक रूप से उत्पादित सब्जियां तैयार कर सकती है जो तरह तरह से पर्यावरण अनुकूल व फायदेमंद है। उन्होंने महिला किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने तथा अपने अनुभवों को अन्य किसानों के साथ साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

प्रशिक्षण के दौरान संस्थान के प्रशिक्षण समन्वयक राहुल दहिया द्वारा महिला किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में रोशन लाल तथा प्रदीप द्वारा भी महिला किसानों को प्राकृतिक खेती की व्यावहारिक तकनीकों एवं किचन गार्डन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान महिला किसानों ने प्राकृतिक खेती के प्रति विशेष रुचि दिखाई और अपने घरों में किचन गार्डन स्थापित कर प्राकृतिक खेती की शुरुआत करने में उत्साह व्यक्त किया।






