प्रवीन जोड़ा बोले—राष्ट्रसेवा, सादगी और सिद्धांतनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है उनका जीवन
फतेहाबाद,25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक और भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर जिला भाजपा कार्यालय ‘उदय कमल’ में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन तथा विचारों को याद किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी, शुचिता और सिद्धांतनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लोगों के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व बहुआयामी था और उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं।
जोड़ा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर बल दिया। अंत्योदय का उनका विचार हमें उन लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देने की सीख देता है, जिन्हें सहायता की सबसे अधिक आवश्यकता है। उनके अनुसार समाज की प्रगति तभी सार्थक है, जब उसका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जोड़ा ने कहा कि पंडित जी के इस विचार को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार, जीवन और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का भी मार्गदर्शन करते रहेंगे। कार्यकर्ताओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, सेवा और समर्पण के साथ समाज के लिए काम करना चाहिए। जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देना उनके बताए आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लेने का भी अवसर है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास ललोदा, डॉ. रणजीत ओड, कोषाध्यक्ष रामकुमार मेहरा, बनवारी लाल गहलोत, विकास शर्मा, नीलांशी शर्मा, जगदीप मोंगा, संदीप ताखर, सुभाष चंदोरा, आर्यन ग्रोवर, रमन सरोवा, दीक्षित असीजा एवं जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी मौजूद रहे।






