कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की सभी 403 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में परिवार पहचान पत्र से संबंधित विभिन्न प्रकार की वेरिफिकेशन का कार्य पंचायत स्तर पर किया जा रहा है ताकि पात्र परिवारों का सही डाटा अपडेट हो सके और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को कान्फ्रेंस हॉल में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सभाओं से संबंधित अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से मुख्य सचिव हरियाणा अनुराग रस्तोगी ने प्रदेशभर के अधिकारियों को ग्राम सभाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी में उपायुक्त ने बताया कि जिला में 403 गांवों में ग्राम सभाओं की बैठकों का आयोजन किया जाना है। अब तक जलबेहड़ा, दुगारी, बीड़ मंगोली, बीड़ सुजरा, डोला माजरा सहित कई गांवों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन ग्राम सभाओं में गांव में परिवारों की आय का सत्यापन करवाना तथा आवश्यकतानुसार डाटा में सुधार करना, अंत्योदय परिवार की पहचान करना, 1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों की आय का सत्यापन करवाना, कच्ची छत वाले परिवारों का डाटा तैयार करना और परिवार पहचान पत्र में व्यवसाय का सत्यापन करके सुधार करवाना है

उपायुक्त ने कहा कि फैमिली स्ट्रक्चर (पारिवारिक संरचना)वेरिफिकेशन, एएवाई (अंत्योदय अन्न योजना) परिवारों की वेरिफिकेशन, एक लाख 80 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की आय वेरिफिकेशन, मकान की कच्ची छत की फिजिकल वेरिफिकेशन तथा परिवार पहचान पत्र में परिवार के सदस्यों के व्यवसाय की वेरिफिकेशन अलग-अलग रूप से ग्राम सभाओं की बैठकों में की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य अति आवश्यक है। सभी वेरिफिकेशन एवं डाटा अपडेट करने का कार्य 2 अक्टूबर तक पूरा किया जाए। जिला की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर एडीसी एवं सीईओ जिला परिषद पंकज सेतिया, डीडीपीओ विकास कुमार, एआईपीआरओ बलराम शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






