हरियाणा, 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि जिला फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र में पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से 4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। फोरलेन बनने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा मिलेगी।
श्री राजेश नागर ने बताया कि क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर रोड को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की जरूरत रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फोरलेन मार्ग पर बस स्टॉप सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सड़क के फोरलेन बनने से यातायात का दबाव कम करने, आवागमन को सुगम बनाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में मदद मिलेगी। साथ ही आसपास के क्षेत्रों सेक्टर-35, 37, अशोका एन्क्लेव, सराय ख्वाजा, मोलरबंद, एतमादपुर, आई.पी. कॉलोनी, बदरपुर, अगवानपुर डेयरी आदि के साथ कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
श्री राजेश नागर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी देने और आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों की जरूरत के अनुसार विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।






