नूंह, 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को चाहिए कि समिति की बैठकों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करें। शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
सोमवार को नूंह में आयोजित समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कुल 19 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें तीन पुरानी और 16 नई शिकायतें शामिल थीं। बैठक के दौरान 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि सात शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देशों के साथ अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
बैठक में वार्ड नंबर-8, तावड़ू निवासी रजनी की शिकायत पर मंत्री ने एसआईटी को मामले की दोबारा जांच करने और शिकायतकर्ता को जांच रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्य दिखाने के निर्देश दिए। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
गांव आकेड़ा निवासी एडवोकेट खुर्शीद द्वारा उनके घर के सामने और प्लॉट में गंदा पानी जमा होने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता और समिति के सदस्य मनीष की एक कमेटी गठित की गई। कमेटी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने अन्य विवादों की भी सुनवाई करते हुए अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।






