विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देगी हरियाणा सरकार
हरियाणा , 29 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल ही में हुए हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हरियाणा सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके तहत कुरुक्षेत्र में 24 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों और सिरसा में 24 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 3 लोगों के परिवारों को सहायता राशि दी जाएगी।
इसी प्रकार, अंबाला में 27 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों के परिवारों को भी प्रत्येक मृतक के लिए 5 लाख रुपये की दर से वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, फरीदाबाद में 27 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची के परिवार को भी 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
श्री नायब सिंह सैनी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक होता है और इस कठिन घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।






