टोहाना, 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): एसडीएम आकाश शर्मा ने मंगलवार को गांव गाजूवाला के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के हाजिरी रजिस्टर की जांच की तथा शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आकाश शर्मा ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकों का अध्ययन करवाकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का फीडबैक लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता एवं अध्ययन संबंधी गतिविधियों का जायजा लेते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाए, ताकि उनकी सीखने की क्षमता का सही आकलन हो सके। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में अतिरिक्त मार्गदर्शन अथवा सहयोग की आवश्यकता हो, उन्हें समय रहते आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

एसडीएम आकाश शर्मा ने विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा खाना तैयार करने और परोसने के स्थान की स्वच्छता का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जाए। भोजन तैयार करने, रखने एवं परोसने की प्रक्रिया में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा रसोई एवं भोजन परोसने वाले स्थान की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय में पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जाए तथा विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाए। विशेष रूप से शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बच्चों के स्वास्थ्य, शैक्षणिक गतिविधियों और सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।






