कुरुक्षेत्र, 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देशों में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ मंजू शर्मा कुरुक्षेत्र के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला कुरुक्षेत्र प्रधान डाकघर के तत्वावधान में आज नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से देव राज अधीक्षक डाकघर कुरुक्षेत्र मंडल, नरेश धीमान डाकपाल, संजीव कुमार जनसंपर्क अधिकारी, रमित रोहिला डाक सहायक, प्रेम कुमार तथा विनोद गर्ग सहित डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य डाकघर में कार्यरत कर्मचारियों को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक पद्धतियों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान कर्मचारियों को स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों से बचाव के लिए उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। शिविर के सफल आयोजन के लिए विभाग की ओर से डॉ. रवि एएमओ, डॉ. विवेक लोहान एएमओ, डॉ. रितु एचएमओ, फार्मासिस्ट बलराज, जसबीर सिंह, योग सहायक मिस काजल तथा पंकज कुमार सहित संबंधित स्टाफ ने योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान काजल द्वारा योग सत्र करवाया गया।प्रतिभागियों एवं मरीजों की बीपी एवं ब्लड शुगर की जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।शिविर में आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं, जिसमें कुल 80 मरीजों ने ओपीडी सेवाओं का लाभ लिया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद की जीवनशैली को दैनिक व्यवहार में अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। आहार-विहार, योग और रसोई में उपलब्ध उपयोगी औषधीय द्रव्यों के सही ज्ञान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बन सकता है। शिविर के अंत में अधीक्षक डाकघर कुरुक्षेत्र मंडल देवराज ने शिविर के सफल आयोजन के लिए पूरी आयुष टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष विभाग द्वारा डाकघर के कर्मचारियों के लिए आयोजित यह स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर अत्यंत उपयोगी रहा। ऐसे कार्यक्रमों से कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद एवं योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरणा मिलती है।






