फतेहाबाद, 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): गांव बैजलपुर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित गोदभराई एवं अन्नप्राशन जैसे संस्कार कार्यक्रमों में सहभागिता की तथा केंद्र में बच्चों एवं माताओं के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं है, बल्कि पोषण, संस्कार, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की दिशा में सेवा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर महिलाओं और बच्चों तक सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देना स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के शुरुआती वर्षों तक उचित पोषण, स्वास्थ्य संबंधी देखभाल और जागरूकता उसके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

प्रवीन जोड़ा ने कहा कि गोदभराई और अन्नप्राशन जैसे कार्यक्रम हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े होने के साथ-साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा परिवारों को मां और बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों और माताओं के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विभाग के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा देखभाल के संबंध में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, पूनम सिंगला सहित महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






