खेल गतिविधियों के लिए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पंजोखरा साहिब ग्राम पंचायत को अपने स्वैच्छिक कोष से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की
पंजोखरा साहिब, 30 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा की धरती गीता के ज्ञान, मेहनती किसानों, सीमा पर देश की रक्षा करने वाले युवाओं तथा एशियन, ओलंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले युवा खिलाड़ियों की धरती है।
श्री विज ने मंगलवार को गांव पंजोखरा साहिब, अंबाला छावनी में आयोजित सातवीं कबड्डी प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि के रूप में रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजकों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। मंत्री अनिल विज ने प्रतियोगिता की गतिविधियों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने आयोजकों द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि पंजोखरा साहिब प्रतियोगिता से जुड़े युवाओं को देखकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। हरियाणा में भी नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ऐतिहासिक धरती है। इस धरती पर खिलाड़ियों के हाथों में बल्ला, फुटबॉल और हॉकी होनी चाहिए, न कि नशे की पुड़िया। नशा केवल युवा की जिंदगी खराब नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार और घर की नींव को भी प्रभावित करता है। यह एक ऐसा जहर है, जिसने कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर दी है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा नशा मुक्ति यात्रा चलाई जा रही है। पंजाब और पाकिस्तान आदि राज्यों/देशों से आने वाली नशे की खेप पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब वह गृह मंत्री थे, तब उन्होंने इसके लिए एक अलग स्वतंत्र टीम का गठन किया था। इस टीम द्वारा नशे पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह पता लगाकर कार्रवाई होनी चाहिए कि नशा कहां से आ रहा है। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं और अन्य लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए काम करना होगा तथा उन्हें समझाना होगा। नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से ऐसे युवाओं का इलाज करवाकर उन्हें नशे से बाहर लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
मंत्री अनिल विज ने इस अवसर पर यह भी कहा कि जब वह स्वास्थ्य मंत्री थे, तब उन्होंने हरियाणा के प्रत्येक जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने का काम किया। नशे को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक, प्रत्येक शहर और आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। सभी के सामूहिक प्रयासों से अपने जिले और प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।
उन्होंने इस अवसर पर एक मां और बेटे का उदाहरण देते हुए बताया कि एक मां बाबा के पास गई और कहा कि मेरे बेटे को मिट्टी खाने की आदत है। बाबा ने कहा कि उसे गुड़ देना शुरू कर दो। इसी प्रकार हमें भी अपने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए काम करना है, सकारात्मक विचारों का आदान-प्रदान करना है और उन्हें खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है, ताकि आज का युवा नशे से दूर रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह खेल मंत्री थे, तब उन्होंने खिलाड़ियों के लिए अनेक कार्य किए।
श्री विज ने बताया कि अंबाला छावनी की बात करें तो उन्होंने युवाओं के लिए यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वेदर स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल के साथ-साथ अनेक विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हरियाणा का युवा गलत रास्तों पर न जाकर खेल के मैदान में जाए। खेल जगत में खिलाड़ी पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस दौरान कबड्डी टूर्नामेंट के आयोजकों और ग्रामीणों ने कबड्डी खेल के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाए जाने की मांग रखी। इस पर मंत्री विज ने अधिकारियों से चर्चा करने और खिलाड़ियों को बेहतर ट्रैक उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डीएसओ राम स्वरूप, नगर परिषद प्रधान स्वर्ण कौर, उप प्रधान ललता प्रसाद, मंडल प्रधान विकास बहिगल, भाजपा पदाधिकारी भरत कोछड़, रामबाबू यादव, जस्मेर सिंह, अंग्रेज सिंह, अमरिंदर सिंह पंजोखरा साहिब, वरिंदर सिंह, दिनेश शर्मा, हरप्रीत सिंह, जसबीर जस्सी, सुदर्शन सहगल, राम बाबू यादव, आशीष अग्रवाल, रणधीर पंजोखरा साहिब सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





