लाडवा, 01 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच के तहत सरकार खुद चलकर जनता के द्वार पर जा रही है। सेवा सेतु अभियान मुख्यमंत्री की इसी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। पहले लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी वीरवार को गांव बदरपुर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान में बोल रहे थे। गया। शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी द्वारा किया गया। उन्होंने शिविर में जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्केट कमेटी लाडवा चेयरमैन डा. गणेश दत्त भी मौजूद रहे। शिविर में मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र, आयुष्मान भारत चिरायु योजना, बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वामित्व योजना, बिजली-पानी से संबंधित शिकायतों, महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, कृषि विभाग की योजनाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए।

इन स्टॉलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गांव व आसपास के क्षेत्र से आए ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई और मौके पर ही उनका लाभ प्रदान करने के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों के मौके पर ही फॉर्म भरवाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे इस प्रकार के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक बनें। सरपंच कर्मवीर ने प्रशासन और मुख्यमंत्री के कार्य प्रभारी कैलाश सैनी का गांव में शिविर लगाने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों में सरकार के प्रति विश्वास और बढ़ा है। इस मौके पर नायब तहसीलदार बलकार सिंह सहित बीडीपीओ कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं आपूर्ति, बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग से संबंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता को लेकर नुक्कड़ नाटक का हुआ आयोजन
शिविर के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को गीले कचरे और सूखे कचरे के अलग-अलग निपटान, कचरे से खाद बनाना और गांव को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने इस नाटक को काफी सराहा और स्वच्छता का संकल्प भी लिया।





