हरियाणा , 4 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों की मुलाकात ऐतिहासिक और प्रेरणादायक रही। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विकास, जनसेवा और संगठन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन हमारा संकल्प है और हम सभी उनके निर्देशों को धरातल पर लागू करने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के लिए काफी समय दिया, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। यह कोई सामान्य बैठक नहीं थी, बल्कि बेहद महत्वपूर्ण बैठक थी। प्रधानमंत्री ने हरियाणा को ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ और मजबूती से जोड़ने का स्पष्ट मार्गदर्शन दिया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी मंत्री और विधायक प्रधानमंत्री के विचारों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के हित में जमीन पर लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन ही हरियाणा का संकल्प है। प्रधानमंत्री ने जो मंत्र दिया है, उसे केवल बैठक तक सीमित नहीं रखा जाएगा। अब प्रत्येक मंत्री अपने विभाग में, प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में और प्रत्येक कार्यकर्ता अपने गांव में इस सोच को धरातल पर उतारने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार जनता के बीच जाए, मंत्री और विधायक लोगों के बीच जाएं तथा कार्यकर्ता भी जनता से सीधा संपर्क रखें। लोगों की समस्याओं को जमीन पर जाकर सुना जाए और उनका समाधान भी धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विकसित भारत का संकल्प हरियाणा के प्रत्येक गांव और परिवार का संकल्प बने। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों और मार्गदर्शन को पूरी निष्ठा, शक्ति और जनभागीदारी के साथ लागू किया जाएगा।
विकसित भारत केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं बनेगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं बनेगा। यह तभी संभव होगा जब देश का हर गांव, किसान, युवा, महिला और परिवार इस संकल्प से जुड़ेगा। जब हर परिवार इस अभियान का हिस्सा बनेगा, तभी विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण भी होगा।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय संकल्प में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास रहेगा कि सरकार और जनता के बीच कोई दूरी न रहे। हर सरकारी योजना केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी से जनअभियान बने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्रों में नियमित रूप से 30 से 35 गांवों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया है कि 200 से 300 लोगों की टोली महीने में एक बार गांव में जाए। वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाए और टिफिन बैठक आयोजित की जाए। ग्रामीणों के साथ बैठकर संवाद किया जाए, स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हो और उनके समाधान का रास्ता निकाला जाए।
हरियाणा को परिवार की तरह मानते हैं प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के साथ उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा है और वह हरियाणा को परिवार की तरह मानते हैं। पारिवारिक माहौल में उन्होंने सभी विधायकों के साथ बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पार्टी के काम के दौरान वह हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के घरों में ठहरते थे और वहीं से लोगों के बीच जाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हरियाणा के लोगों से बेहद स्नेह और प्रेम करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुसार मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और लोगों के साथ मिलकर उनका समाधान करेंगे।
राजनीति हमारे लिए सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री ने सेवा के माध्यम से राजनीति करने का रास्ता दिखाया है।
उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है। राजनीति का अर्थ जनता के सुख-दुख में शामिल होना और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाला कार्यकर्ता नहीं है। वह सेवा, संकट और समाज के हर अच्छे कार्य में लोगों के साथ खड़ा दिखाई देता है। यही सेवा भावना है।
कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय कोई राजनीतिक दल दिखाई नहीं दे रहा था। यदि कोई जनता के बीच दिखाई दिया तो भाजपा कार्यकर्ता दिखाई दिया। विधायक और मंत्री भी लोगों के बीच खड़े नजर आए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार मंत्री, विधायक और संगठन के कार्यकर्ता सेवा के माध्यम से जनता तथा संगठन के बीच संबंधों को और मजबूत करेंगे।
सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण पर जोर, बेटियों की शिक्षा के लिए विशेष कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया है। उनके निर्देशों के अनुसार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घर त्योहारों के समय जाकर संपर्क किया जाएगा, स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता पर भी प्रधानमंत्री ने जोर दिया है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बालिका शिक्षा का स्तर कम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विकास के आंकड़े बढ़ाना नहीं है। हम ऐसा हरियाणा बनाना चाहते हैं जहां बेटी पढ़े, युवा आगे बढ़े, किसान खुशहाल हो और गरीब सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करे।
किसान को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता भी बनाएंगे
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया है। इसी के अनुरूप किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन में भागीदार बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने पीएम-कुसुम योजना पर चर्चा करते हुए सौर ऊर्जा आधारित कृषि पंपों को बढ़ावा देने और किसानों को खेतों की मेड़ों पर सामूहिक रूप से सोलर पैनल लगाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया है।
इससे कृषि भूमि का कम से कम उपयोग होगा और किसान ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बन सकेंगे। इसी तरह प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के प्रयास भी तेज किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में अब तक डेढ़ लाख से अधिक घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं और इन घरों का बिजली बिल शून्य है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री की ‘हर घर मुफ्त बिजली’ की सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा का उत्पादन केवल बिजली पैदा करने का अभियान नहीं है, बल्कि हरियाणा को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत की ऊर्जा यात्रा में प्रदेश की भागीदारी बढ़ाने का अभियान है।
खेती बचाएं, प्राकृतिक खेती अपनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने धरती को बचाने और किसानों को नई दिशा देने की बात कही है। कृषि क्षेत्र में नई सोच और नई दिशा के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि सभी मंत्रियों और विधायकों से कहा गया है कि हर गांव में प्रत्येक परिवार कम से कम एक एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती करने के लिए आगे आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हाल ही में फैसला किया है कि जो किसान प्राकृतिक खेती के माध्यम से बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अनाज पैदा करेगा, उसकी उपज खाद्य विभाग द्वारा खरीदी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘खेती बचाओ, प्राकृतिक खेती अपनाओ’ को जनअभियान बनाने का मार्गदर्शन दिया है।
नहरों की सफाई और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुंचे और जल का अधिकतम उपयोग हो सके।
प्रधानमंत्री ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को मजबूत करने की भी बात कही है। एफपीओ को सशक्त किया जाएगा और डिजिटल मंडियों के माध्यम से किसानों को बाजार तथा कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। जहां आवश्यकता और संभावना होगी, वहां बड़े कृषि क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो हरियाणा मजबूत होगा और हरियाणा मजबूत होगा तो विकसित भारत की नींव और मजबूत होगी।
हरियाणा का युवा विकसित भारत की ताकत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि हरियाणा का युवा विकसित भारत की शक्ति है। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में कुशल युवाओं की बड़ी मांग है। प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुसार हरियाणा के युवाओं को बड़े स्तर पर ‘स्किल इंडिया’ से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम ऐसे युवा तैयार करना चाहते हैं जो केवल नौकरी तलाशने वाले न हों, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में हरियाणा और भारत की प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करें। इसके लिए ‘स्किल इंडिया’ केंद्रों को और मजबूत किया जाएगा।
गुरुग्राम हरियाणा का केवल शहर नहीं, ग्लोबल सिटी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, क्योंकि प्रधानमंत्री का मानना है कि यह केवल हरियाणा का एक शहर नहीं, बल्कि एक ग्लोबल सिटी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की गई है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता सहित जिस भी प्रकार के बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की प्रगति विकसित भारत की प्रगति है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट दिशा दी है कि भारत को विकसित बनाने के लिए राज्यों को अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि जब हरियाणा का किसान आधुनिक और खुशहाल होगा, तो वह विकसित भारत में अपना योगदान देगा। जब प्रदेश का युवा कुशल होगा, तो वह विकसित भारत की कार्यशक्ति बनेगा। जब हरियाणा के गांव स्वच्छ होंगे, तो वे विकसित भारत की तस्वीर बदलने में योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि जब हरियाणा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होगा, तो भारत की ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत होगी। जब हरियाणा की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तो विकसित भारत की अर्थव्यवस्था भी और मजबूत होगी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता भी उपस्थित थीं।





