टोहाना, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम. आकाश शर्मा ने गांव भीमेवाला में फील्ड में डीसीएस एवं फसल सत्यापन कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर पटवारियों द्वारा किए जा रहे भौतिक सत्यापन कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और मौके पर सत्यापन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी ली।
एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर दर्ज फसल संबंधी विवरण तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे मिसमैच के लंबित मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पोर्टल पर उपलब्ध फसल संबंधी जानकारी और खेत में मौके पर वास्तविक स्थिति के बीच किसी प्रकार की विसंगति न रहे तथा भौतिक सत्यापन का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए।
उन्होंने खेतों में जाकर फसल की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों से सत्यापन कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि फसल सत्यापन कार्य में मौके की वास्तविक स्थिति को सही रूप से दर्ज करना आवश्यक है, ताकि किसानों से संबंधित फसल डेटा सटीक एवं अद्यतन रहे और सरकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों में उपलब्ध आंकड़ों का सही उपयोग किया जा सके।
एसडीएम आकाश शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि डीसीएस मिसमैच से संबंधित सभी मामलों की जांच कर उनका आवश्यकतानुसार भौतिक सत्यापन करवाया जाए। उन्होंने कहा कि डेटा मिसमैच तथा लंबित सत्यापन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि फसल संबंधी रिकॉर्ड को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जा सके। इस मौके पर नायब तहसीलदार अनिल कुमार, कानूनगो रवि कुमार सहित अन्य सबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।





