टोहाना, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने बुधवार को अतिरिक्त अनाज मंडी टोहाना और भूना का निरीक्षण कर धान खरीद व्यवस्था, फसल उठान और किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन वेदपाल ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अनाज मंडी टोहाना में बैठने एवं आराम करने के लिए शैड तथा पीने के पानी के लिए पानी की टंकी बनाने की घोषणा की। उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों कार्य अगले खरीद सीजन से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने तब तक मंडी में आने वाले किसानों के लिए बैठने और पीने के पानी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
चेयरमैन ने मंडी में धान की आवक, सरकारी खरीद, उठान तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीदी गई फसल का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
किसानों को मंडी में उपलब्ध हों सभी जरूरी सुविधाएं
चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, बैठने, शौचालय और साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। खरीदी गई फसल के उठान में देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि मंडी में अनावश्यक भीड़ न बढ़े और किसानों को अपनी फसल लेकर लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को आपसी तालमेल से कार्य करने तथा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार धान की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसान सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
नमी मापक यंत्र से जांची धान की नमी
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने मंडी में धान की ढेरियों का निरीक्षण किया। उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच करवाई और निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली।मौके पर उन्होंने किसानो की धान फसल की खरीद भी कराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान में निर्धारित नमी की मात्रा और खरीद से संबंधित आवश्यक नियमों की जानकारी भी दी जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को शौचालयों सहित पूरे मंडी परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एक-एक दाना खरीदा जाएगा, बारदाने की नहीं होगी कमी: वेदपाल
इस अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि प्रदेश में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलर्स से संबंधित मामले सुलझा लिए गए हैं तथा मंडियों में बारदाने की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि निर्धारित खरीद एजेंसियां मंडियों में समय पर पहुंचकर किसानों की फसल की खरीद कर रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित नमी के मानकों के अनुरूप धान मंडियों में लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की खरीद में किसी प्रकार की बाधा न आए।
समय पर खरीद, उठान और भुगतान सरकार की प्राथमिकता
चेयरमैन ने कहा कि किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सरकार की प्राथमिकता है। सभी खरीद एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसानों को मंडियों में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मंडियों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसानों से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ अभिनव वालिया, कार्यकारी अभियंता आनंद, वेद जांगड़ा, रमन मडिया, कंवल चौधरी, सचिव संदीप गरगर्ग सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा किसान मौजूद रहे।





