फतेहगढ़ साहिब, 21 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा फतेहगढ़ साहिब जिले के लिए नियुक्त प्रभारी सचिव श्रीमती रितु अग्रवाल, आईएएस, ने अनाज मंडी सरहिंद का दौरा कर धान की खरीद, उठान और किसानों को भुगतान संबंधी प्रबंधों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार, किसानों द्वारा मंडियों में बिक्री के लिए लाई जा रही फसल की तुरंत खरीद और साथ-साथ भुगतान किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा धान ही लेकर आएं, ताकि फसल की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की खरीद और अन्य संबंधित कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

श्रीमती रितु अग्रवाल ने किसानों, आढ़तियों और मिल मालिकों की समस्याएं भी सुनीं। मंडियों में जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए आढ़तियों, किसानों और सभी संबंधित पक्षों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर एसडीएम फतेहगढ़ साहिब श्री करण गुप्ता, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मीनाक्षी, डीएम मार्कफेड, डीएमओ मार्केट कमेटी निरीक्षक भवन्जीत सिंह, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान साधू राम भटमाजरा, तरसेम लाल उप्पल तथा मिल एसोसिएशन के कुलदीप सिंह सोडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






