शिलांग, 22 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): मेघालय की राजधानी शिलांग में सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वीरवार तड़के मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय वाले भवन पर पेट्रोल बम फेंके। पिछले दो दिनों में सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाकर हमला करने की यह दूसरी घटना है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शिलांग के लंगकिर्डिंग इलाके में हुई। पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने बताया कि हमले में भवन को कोई संरचनात्मक नुकसान नहीं पहुंचा है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भवन के अंदर तैनात सुरक्षाकर्मी को सुबह तक घटना की जानकारी नहीं थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर भी हुआ था हमला
इससे एक दिन पहले, बुधवार सुबह शिलांग के लैतुमखरा इलाके में स्थित स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर भी इसी तरह हमला किया गया था। लगातार दो दिनों में सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। हमले के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या मकसद था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।






