पटियाला, 25 अक्टूबर 2026 (जगजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत पटियाला पुलिस ने आज जिले के 20 हॉटस्पॉट पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कासो) चलाया। इस अभियान की अगुवाई एसएसपी हरमंदीप सिंह हांस ने स्वयं की। इस दौरान एसपी(सिटी) मोहित अग्रवाल, एसपी इन्वेस्टिगेशन राजेश छिब्बर, एसपी ट्रैफिक और ऑपरेशन अशोक कुमार, एसपी राजपुरा बिक्रमजीत सिंह बराड़ और डीएसपीसीज ने भी खास लीडरशिप दी।।
पुलिस ने सिविल प्रशासन के सहयोग से जिले में नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सभी चिन्हित हॉटस्पॉट पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत 18 मामले दर्ज कर 19 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद किए गए।

एसएसपी ने बताया कि पंजाब के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) और पटियाला रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस कुलदीप सिंह चहल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि जिले से नशों के खात्मे के लिए ऐसे तलाशी अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी हरमंदीप सिंह हांस ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 20 किलोग्राम भुक्की (चूरा-पोस्त), 5.25 ग्राम नशीला पाउडर, 197 नशीली गोलियां और नज़ायज शराब की 8 बोतलें बरामद की गईं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व और डीजीपी गौरव यादव के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करना है।
एसपी (सिटी) मोहित अग्रवाल ने बताया कि जिले की सभी सब-डिवीजनों में पुलिस टीमों ने भारी पुलिस बल के साथ नशे के हॉटस्पॉट पर तलाशी अभियान चलाया।






