कुरुक्षेत्र, 27 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में दो प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर खरकाली की टीम द्वारा गांव मेहरा में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 84 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सपना ने उपस्थित लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तीन प्रमुख प्रकार के कैंसर तथा गैर-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, ऋतुचर्या और उचित आहार-विहार का महत्व समझाते हुए ग्रामीणों को नियमित योग, प्राणायाम तथा आयुर्वेदिक औषधियों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। शिविर में डॉ. सपना के साथ आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट पूनम तथा योग सहायक बलवान ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। एलएनजेपी सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र के आयुष विंग में संजीवनी योग सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र के माध्यम से अस्पताल पहुंचे प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के सुधार हेतु नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और एक अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आज के समय में गलत खान-पान और असंतुलित दिनचर्या के कारण गैर-संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। आयुर्वेद और योग के माध्यम से बीमारियों को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सकता है। आयुष विभाग जिला कुरुक्षेत्र में आमजन को स्वस्थ और जागरूक बनाने के लिए निरंतर ऐसे शिविरों और योग सत्रों का आयोजन करता रहेगा।






