पटियाला, 29 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मेरी दुकान मेरे नाम’ योजना के तहत पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन एवं स्टेट प्रेसिडेंट ट्रेड विंग के चेयरमैन श्री अनिल ठाकुर ने जिला प्रशासन और दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की इस योजना को 100 प्रतिशत लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए प्रशासन और व्यापारियों के बीच आपसी तालमेल बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर चेयरमैन प्लानिंग बोर्ड तेजिंदर मेहता, जिला चेयरमैन ट्रेड कमीशन विनोद सिंगला और ट्रेड कमीशन के सदस्य संजीव गुप्ता भी मौजूद रहे।
श्री अनिल ठाकुर ने व्यापारियों से अपील की कि वे इस योजना के संबंध में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग दें और आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि पात्र दुकानदारों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा दुकानदारों को मालिकाना हक दिलाने के लिए जो पहल की गई है, उसे सुचारू ढंग से पूरा किया जाएगा। इस योजना को लागू करने के लिए सभी संबंधित विभागों और व्यापारियों के सहयोग से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
चेयरमैन ने दुकानदारों से कहा कि जो दुकानदार इस योजना के तहत अपनी दुकान का मालिकाना हक प्राप्त करना चाहते हैं, वे 6 तारीख तक अपने फॉर्म भरकर जमा करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो दुकानदार इस योजना के तहत मालिकाना हक लेने के इच्छुक नहीं हैं, वे अपनी असहमति के संबंध में लिखित रूप से जानकारी दें, ताकि आगे की कार्रवाई सुचारू रूप से पूरी की जा सके।






