स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने किया नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र का दौरा, अधिकारियों के साथ की बैठक
कुरुक्षेत्र, 30 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा पंचकूला के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया और वहां उपचाराधीन मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों और संबंधित स्टाफ को अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया।
निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने सिविल सर्जन कार्यालय में डॉ. सुखबीर सिंह, सिविल सर्जन कुरुक्षेत्र तथा संबंधित उप सिविल सर्जन के साथ बैठक की। बैठक में महामहिम राष्ट्रपति के कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था के तहत तैनात की गई कारकेड एंबुलेंस तथा आवश्यक दवाइयों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में क्षय रोग (टीबी) कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार टीबी कार्यक्रम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जोश टीम की साइकिल रैली आयोजित करने की योजना है। इस संबंध में निदेशक ने स्थानीय प्रशासन से रैली के आयोजन की अनुमति लेने तथा इसके लिए समय निर्धारित करवाने हेतु आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए।
डॉ. ब्रह्मदीप ने प्रस्तावित साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा उपयोग की जाने वाली टी-शर्ट और टोपी का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को समय रहते पूरा करने तथा आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निदेशक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सभी गतिविधियों में बेहतर समन्वय, उचित प्रबंधन और समयबद्ध कार्यवाही आवश्यक है, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। बैठक में संबंधित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।






