पटियाला, 30 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): नगर निगम पटियाला की कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने इस मौके पर शीला अलीपुरिया चैरिटेबल सोसायटी द्वारा गरीब और जरूरतमंद बच्चों का भविष्य संवारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्था बच्चों को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनाने तक के उनके सफर का पूरा बीड़ा उठाती है, जोकि बहुत ही सराहनीय प्रयास है।
कमिश्नर पूजा स्याल ने कहा कि सीए अजय अलीपुरिया के नेतृत्व में पूरी टीम द्वारा किया जा रहा कार्य समाज सेवा की एक बेहतरीन मिसाल है। ऐसी संस्थाएं गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई बार होनहार बच्चे उच्च शिक्षा हासिल करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में शीला अलीपुरिया चैरिटेबल सोसायटी जैसी संस्थाएं उनकी मदद करके उनका भविष्य बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे प्रयासों की बहुत जरूरत है, ताकि गरीब और जरूरतमंद बच्चे भी ऊंचे मुकाम हासिल कर सकें।






