अहमदाबाद, 30 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य में बुनियादी ढांचे, कृषि, पशुपालन, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। दौरे के दौरान लगभग 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत किसानों के लिए 19,000 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। प्रधानमंत्री दो नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत शुक्रवार को बनासकांठा से होगी। यहां वह एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) प्रयोगशाला के साथ भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का दौरा करेंगे। 127 एकड़ में विकसित यह केंद्र पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में वैज्ञानिक तकनीक तथा आधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार को मिलेगी रफ्तार
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के दो नए हिस्सों की आधारशिला रखेंगे। चरण 2ए के तहत कोटेश्वर रोड से हवाई अड्डे तक छह किलोमीटर से अधिक लंबे कॉरिडोर पर पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, चरण 2बी में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा कॉरिडोर विकसित होगा, जिसमें तीन स्टेशन होंगे।
इसके अतिरिक्त करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा राजमार्ग (एसएच-41) को चार लेन से आठ लेन में बदलने और मजबूत करने की परियोजना का भी शिलान्यास किया जाएगा। इससे अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर खर्च होंगे 800 करोड़ रुपये
महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। वह गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे, जबकि पहले से तैयार 361 केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। इस पूरी परियोजना पर लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे करीब चार लाख लोगों को लाभ मिलने की संभावना है।
कृषि क्षेत्र को मिलेंगी आधुनिक भंडारण सुविधाएं
प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी की गई 521 परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस, साइलो, ग्रीनहाउस, पॉलीहाउस और कृषि उत्पादों के प्राथमिक एवं द्वितीयक प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं। इन सुविधाओं से किसानों को फसल के सुरक्षित भंडारण और कृषि उत्पादों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वर्षा वन और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे।
15 नवंबर तक चलेगा भारत पर्व 2026
प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन देश की सांस्कृतिक विविधता, विरासत और राष्ट्रीय एकता को समर्पित होगा। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोक कलाओं, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ एकता नगर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह आयोजन 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।