कुरुक्षेत्र, 31 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, डॉ मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आज राजकीय माध्यमिक संस्कृति मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जीएमएसपीएस), मुर्तजापुर में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में किशोरावस्था के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाना और उन्हें आयुर्वेद की जीवनदायिनी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
शिविर के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. महिपाल एवं अन्य आयुष स्टाफ ने विद्यालय के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की गहन चिकित्सा जांच की। इस विशेष स्वास्थ्य परीक्षण में बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण स्तर और सामान्य स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया गया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं आहार संबंधी परामर्श दिया गया। इस अवसर पर डॉ महिपाल और अन्य स्टाफ ने विद्यार्थियों को ऋतुचर्या, सदवृत्त, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार तथा पारंपरिक श्रीअन्न (मोटे अनाजों) के नियमित सेवन के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार दैनिक चर्या में योग, प्राणायाम और आयुर्वेदिक जीवन शैली को अपनाकर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है और अपनी बौद्धिक क्षमता को मजबूत बनाया जा सकता है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ मंजू शर्मा ने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक संपूर्ण विज्ञान है। आज के विद्यार्थी हमारे देश का भविष्य हैं, और यदि हमारे बच्चे कम उम्र से ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खान-पान और योग को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो एक स्वस्थ, सक्षम और सशक्त राष्ट्र की नींव स्वत: मजबूत हो जाती है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की युवा पीढ़ी में स्वास्थ्य के प्रति सही दृष्टिकोण विकसित करने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।






