चंडीगढ़, 31 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ पत्रकार श्री ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार श्री ओम प्रकाश शर्मा (ओ.पी. शर्मा) के अचानक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, मेहनती और समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है। उनका निधन पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
स्वर्गीय श्री ओ.पी. शर्मा हिसार जिले के गांव ढांसू के निवासी थे। उन्होंने हिसार में पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में चंडीगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक ने भी जताया दुख
वहीं, हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने भी वरिष्ठ पत्रकार श्री ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि उनके निधन का समाचार बेहद दुखद और हृदय को व्यथित करने वाला है। उनके चले जाने से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और मेहनती पत्रकार के साथ-साथ एक हंसमुख एवं मिलनसार साथी भी खो दिया है।
डॉ. दहिया ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग पूरी तरह शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






