त्योहारों के मद्देनजर मिठाई विक्रेताओं और डेयरी उत्पाद विक्रेताओं के लिए जागरूकता शिविर आयोजित
पटियाला, 31 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): त्योहारों के मौसम के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग, पटियाला ने जिले भर में कार्रवाई तेज कर दी है। सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान विभाग ने कुल 136 खाद्य नमूने एकत्र किए। इसके साथ ही, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से त्योहारों से पहले दूध, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की बड़ी मात्रा जब्त की गई।
इन कार्रवाइयों की जानकारी देते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि राजपुरा से 547 किलोग्राम पनीर और चतहरा से 120 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। एक बड़ी कार्रवाई के दौरान पटियाला स्थित ‘राजेश ट्रेडर्स’ से पांच क्विंटल (500 किलोग्राम) घी जब्त किया गया, जिस पर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का संदेह था।
इसके अलावा, अभियान के दौरान स्वास्थ्य सप्लीमेंट से संबंधित 21 विभिन्न उत्पाद भी जब्त किए गए। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते विभाग ने दो खाद्य कारोबारियों ‘मित्तल पतीसा’ और ‘वैद्य विद्यसागर प्राइवेट लिमिटेड’ के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने और विभिन्न कमियां पाए जाने पर कारोबारियों को 21 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के छह चालान काटे गए।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि सख्त कार्रवाई के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों से पहले मिठाई की दुकानों के मालिकों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं और डेयरी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के लिए जागरूकता बैठकें भी आयोजित कीं। इन बैठकों का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
बैठकों के दौरान खाद्य कारोबारियों को पनीर, खोया और अन्य डेयरी उत्पादों की खरीद करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए, खासकर दूसरे राज्यों के आपूर्तिकर्ताओं से खरीदारी करते समय। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कारोबारियों को केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही खाद्य उत्पाद खरीदने तथा उत्पादों की गुणवत्ता और आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने (ट्रेसेबिलिटी) के लिए उचित बिल, इनवॉइस और आपूर्तिकर्ताओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालतों में, जहां भी लागू हो, कानूनी कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने जोर देकर कहा कि खाद्य सुरक्षा टीम, पटियाला, त्योहारों के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जिले भर में सघन निरीक्षण, निगरानी और सैंपलिंग अभियान जारी रखेगी।
उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करने की अपील की, ताकि उपभोक्ताओं को केवल सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद ही उपलब्ध करवाए जा सकें।






