Wednesday, November 4, 2026
HomePatiala70वीं अंतर-जिला स्कूल खेलों की फेंसिंग प्रतियोगिता में आरव कुमार ने जीता...

70वीं अंतर-जिला स्कूल खेलों की फेंसिंग प्रतियोगिता में आरव कुमार ने जीता स्वर्ण पदक

पटियाला, 3 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के होनहार विद्यार्थी आरव कुमार ने तलवारबाजी (फेंसिंग) के खेल में अपने शानदार खेल प्रदर्शन से न केवल अपने स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने कोच और शिक्षकों का भी मान बढ़ाया है। हाल ही में संगरूर स्थित प्रेम सभा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित 70वीं पंजाब राज्य अंतर-जिला स्कूल खेल प्रतियोगिता 2026-27 के फेंसिंग मुकाबलों के सेबर इवेंट के अंडर-14 आयु वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में आरव कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सेबर के टीम मुकाबलों में रजत पदक भी जीता। इसके अलावा आरव कुमार ने फेंसिंग के एपी इवेंट के टीम मुकाबलों में भी रजत पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरव कुमार दिसंबर महीने में लुधियाना में होने वाली 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2026-27 में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेगा।

ये खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह और समर्पण की भावना को मजबूत करने के लिए आयोजित की गई थीं। आरव कुमार ने फेंसिंग के प्रत्येक मुकाबले में अपनी फुर्ती, धैर्य और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर आरव कुमार ने कहा कि वह अपने शिक्षकों और फेंसिंग कोचों का तहे दिल से धन्यवाद करता है, जिन्होंने हमेशा उसे प्रेरित किया और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया।

उसने कहा कि ये पदक उसके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि आगे और मेहनत करने की प्रेरणा हैं। आरव का उद्देश्य है कि वह आगामी स्कूल नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य और स्कूल का नाम रोशन करे।

डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल विवेक तिवारी ने आरव कुमार को उसकी सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि उसका यह प्रदर्शन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments