Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaआइए, सभी मिलकर पंजाब को सभ्य और शानदार राज्य के रूप में...

आइए, सभी मिलकर पंजाब को सभ्य और शानदार राज्य के रूप में फिर से गढ़ने का काम करें : श्री नायब सिंह सैनी

पंजाब के फगवाड़ा में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधन के दौरान किया आह्वान

चंडीगढ़, 10  नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि आइए, हम सभी मिलकर पंजाब को नशामुक्त बनाएं और एक कुशल कारीगर की तरह इसे सभ्य एवं शानदार राज्य के रूप में दोबारा गढ़ने का काम करें।

श्री सैनी आज पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर सांसद श्री अशोक मित्तल, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला और सोम प्रकाश के अलावा शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रदीप धीमान, उपाध्यक्ष श्री सुरिंदर धीमान और गुरमुख सिंह नामधारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 116 साल पुराने ऐतिहासिक मंदिर में भगवान श्री विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाकर गोवर्धन पूजा और भगवान विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर समाज की रक्षा की, जबकि भगवान विश्वकर्मा ने द्वारका बसाकर उसी समाज को घर दिया। एक ने रक्षा की और दूसरे ने सृजन किया। रक्षा और सृजन ही भारत की संस्कृति है। उन्होंने मंदिर कमेटी द्वारा किए जा रहे जनकल्याण के कार्यों की भी सराहना की।

श्री सैनी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए सुधारों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में गरीब मरीजों का सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस किया जा रहा है। इसके साथ ही सिलिकोसिस से पीड़ित मजदूरों के लिए पुनर्वास नीति बनाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य भी बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कारीगर के पास बैंक से कर्ज लेते समय अपने हुनर के अलावा कोई गारंटी नहीं होती। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से उसी हुनर को गारंटी बना दिया है। इस योजना के तहत 500 रुपये प्रतिदिन के भत्ते के साथ प्रशिक्षण, 15 हजार रुपये तक की टूलकिट और बिना किसी गारंटी के 3 लाख रुपये तक का कर्ज केवल 5 प्रतिशत ब्याज पर देने की व्यवस्था शुरू की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा सरकार ने इसमें मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत अपनी ओर से 5 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी जोड़ी है। योजना का चार साल का लक्ष्य दो साल में ही पूरा कर लिया गया। अब तक 30 लाख कारीगर इस योजना से जुड़ चुके हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने बच्चों की शिक्षा को देश के भविष्य की नींव बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछड़े वर्ग के बच्चों को देश में पढ़ाई के लिए 15 लाख रुपये और विदेश में शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसमें लड़कों को केवल 4 प्रतिशत ब्याज दर पर, जबकि लड़कियों को 3.5 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि काम के दौरान किसी दुर्घटना में मजदूर की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में पिछड़ा वर्ग-ए को 8 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग-बी को 5 प्रतिशत आरक्षण देकर इस समाज को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी दी गई है। क्रीमी लेयर की आय सीमा भी 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है। जो हरियाणा में हो सकता है, वह पंजाब में क्यों नहीं हो सकता? बिल्कुल हो सकता है। इसके लिए केवल नीयत, नीति और जनता के प्रति समर्पण की जरूरत है। लेकिन पंजाब सरकार के मुखिया चुनावी वादे पूरे करने के बजाय चुटकुलों से लोगों को बहलाना चाहते हैं।

उन्होंने हरियाणा सरकार की लाडली योजना, चिरायु योजना और खेल नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि पंजाब के लोग आगामी चुनावों में नए निर्माण का संकल्प लें, तो वर्ष 2029 तक इस प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सकता है, जैसा कि केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह ने अपने हालिया पंजाब दौरे के दौरान कहा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार और समाज, दोनों की जिम्मेदारी है। हरियाणा में युवाओं को जागरूक करने के लिए आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों और दौड़ जैसी गतिविधियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पंजाब में बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और युवाओं की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments