कुरुक्षेत्र, 10 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा) : नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे सभी एएसडीडी के रूप में चिन्हित मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए सभी बीएलओ को घर-घर जाकर संपर्क करने और फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगराधीश आशीष कुमार मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त ए श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि एएसडीडी सूची में शामिल सभी मतदाताओं से संपर्क करने के लिए घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें। छूटे हुए मतदाताओं का पता लगाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय स्थापित करें। इस संबंधित मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने के लिए उनके पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों तथा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से जानकारी प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं से संपर्क करने के लिए उपलब्ध मोबाइल नंबरों एवं अन्य संपर्क विवरणों का उपयोग करें। गणना प्रपत्र मतदाताओं को व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध करवाएं या जहां संभव हो, व्हाटसअप, ई-मेल या एसएमएस के माध्यम से भेजें। मतदाताओं को गणना प्रपत्र एवं आवश्यक घोषणा-पत्र भरने और जमा करवाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाएं। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 7,83,831 मतदाता हैं, जिनके लिए 810 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं। अब तक 6,77,498 एन्यूमरेशन फॉर्म को डिजिटाइज किया जा चुका है। एएसडीडी के तहत सत्यापन के लिए 1,11,713 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले भर में कुल 1,06,333 मतदाताओं द्वारा एन्यूमरेशन फार्म नहीं जमा करवाए, इनमें से 27,708 मृत, 32,299 अनुपस्थित, 37,986 स्थाई शिफ्टिड, 2,471 अन्य श्रेणी और 5,869 मतदाताओं का नाम पहले से मतदाता सूची दर्ज के रूप में चिन्हित किए गए है।

नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि लाडवा विधानसभा में कुल मतदाता 1,97,903 में से 1,79,384 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। शाहबाद विधानसभा में कुल मतदाता 1,72,945 में से 1,54,795 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। थानेसर विधानसभा में कुल मतदाता 2,23,905 में से 1,77,491 फॉर्म डिजिटाइज हुए है। इसी तरह पिहोवा विधानसभा में कुल मतदाता 1,89,078 में से 1,65,828 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। उन्होंने से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो वह अपने बीएलओ या संबंधित ईआरओ कार्यालय से संपर्क कर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।







