कुरुक्षेत्र, 10 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा) : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान जिला कुरुक्षेत्र में धान खरीद, उठान और किसानों को भुगतान का कार्य सुचारू रूप से जारी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 9 नवंबर 2026 तक जिले में विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा कुल 8 लाख 89 हजार 159 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें से 8 लाख 76 हजार 186 मीट्रिक टन धान का उठान भी पूरा कर लिया गया है। इस प्रकार खरीदे गए धान में से 99 प्रतिशत धान का उठान किया जा चुका है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार डीएफएससी एजेंसी द्वारा अब तक 6 लाख 49 हजार 328 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जिसमें से 6 लाख 41 हजार 277 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है। वहीं हैफेड द्वारा 2 लाख 39 हजार 831 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जिसमें से 2 लाख 34 हजार 909 मीट्रिक टन धान का उठान पूरा कर लिया गया है। किसानों को धान खरीद के एवज में भुगतान करने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। दोनों खरीद एजेंसियों द्वारा अब तक कुल 2,132 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किसानों को किया जा चुका है, जो कुल देय राशि का लगभग 99 प्रतिशत है। इसके अतिरिक्त 9 नवंबर को एक ही दिन में 11 करोड़ 19 लाख 35 हजार 161 रुपये का भुगतान किया गया है। किसानों की सुविधा और मंडियों में धान खरीद एवं उठान की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है।







