कुरुक्षेत्र, 10 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा) : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि खरीफ फसल अवशेष प्रबंधन सीजन के अंतिम चरण में कुरुक्षेत्र जिले में एक्टिव फायर लोकेशन की संख्या में हो रही वृद्धि को कृषि विभाग ने गंभीरता से लिया है। धान की कटाई के बाद फसल अवशेषों को जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी खंडों में निगरानी, जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक तेज कर दिया गया है।
उप कृषि निदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि विभाग के अधिकारियों एवं फील्ड कर्मचारियों को गांव-गांव जाकर खेतों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी संभावित पराली जलाने की घटना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ को प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप में निगरानी रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। कृषि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च और लगातार गश्त की जा रही है ताकि पराली जलाने की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि खेतों में फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसानों को उपलब्ध कृषि यंत्रों जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर बेलर, स्ट्रॉ रेक एवं अन्य सीआरएम मशीनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फील्ड कर्मचारियों को किसानों तक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने तथा धान के अवशेषों का इन-सीटू एवं एक्स-सीटू प्रबंधन करवाने के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों, सरपंचों, किसानों एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे है। किसानों को पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण, मिट्टी की उर्वरा शक्ति में कमी तथा भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जागरूक किया जा रहा है। उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान के वशेषों को आग लगाने के बजाय उपलब्ध कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उनका उचित प्रबंधन करें। पराली जलाने से पर्यावरण, मिट्टी की गुणवत्ता और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों के अनुसार संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका सदुपयोग कर स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग दें।







