Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaपिहोवा ब्लॉक के तीर्थ स्थलों के विकास और रखरखाव को लेकर तीर्थ...

पिहोवा ब्लॉक के तीर्थ स्थलों के विकास और रखरखाव को लेकर तीर्थ समितियों के अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित

Kurukshetra Development Board Reviews Development, Maintenance, Cleanliness and Basic Facilities at Pilgrimage Sites in Pehowa Block Under the 48 Kos Kurukshetra Region.

कुरुक्षेत्र, 12 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के अंतर्गत आने वाले पिहोवा ब्लॉक के विभिन्न तीर्थ स्थलों के सुव्यवस्थित विकास, रखरखाव और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मीडिया हॉल में संबंधित तीर्थ समितियों के अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला परिषद कुरुक्षेत्र एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सेतिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तीर्थ स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तीर्थ समितियों के अध्यक्षों के अलावा ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों ने भी भाग लिया। इस दौरान तीर्थ स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए उनसे सुझाव भी लिए गए। बैठक में 48 कोस तीर्थ विकास एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, पिहोवा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विवेक कुमार तथा एसडीओ (पी. राज) एवं केडीबी के संपत्ति प्रबंधक ईश्वर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संबंधित तीर्थ स्थलों पर करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा तीर्थ स्थलों की साफ-सफाई, रखरखाव, बिजली व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही अन्य बुनियादी सुविधाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सेतिया ने कहा कि 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि हमारी धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का अनमोल खजाना है। इस पवित्र भूमि के अंतर्गत आने वाले तीर्थ स्थलों का संरक्षण और उनका व्यवस्थित विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए सभी संबंधित विभागों, तीर्थ समितियों और ग्राम पंचायतों को आपसी तालमेल के साथ काम करना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि तीर्थ स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थ स्थलों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। 48 कोस तीर्थ विकास एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष रविंद्र सांगवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार तीर्थ स्थलों के संरक्षण और विकास में सभी संबंधित समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों के धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इनके विकास और व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments