Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में 70 प्रतिशत निवेश एम.ओ.यू. को धरातल पर उतारने का लक्ष्य...

हरियाणा में 70 प्रतिशत निवेश एम.ओ.यू. को धरातल पर उतारने का लक्ष्य : राव नरबीर सिंह

2.37 लाख करोड़ रुपये के 123 एमओयू और 9,600 करोड़ रुपये के अतिरिक्त एमओयू पर हुए हस्ताक्षर, 1.05 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर काम शुरू

चंडीगढ़, 13 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए हुए एमओयू को धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। नई औद्योगिक नीति के तहत हुए एमओयू में से कम से कम 70 प्रतिशत को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने और निवेश प्रस्तावों की नियमित रूप से पैरवी करने के निर्देश दिए।

राव नरबीर सिंह ने आज चंडीगढ़ सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जून महीने में ‘हरियाणा इन्वेस्टर रोड शो’ और पॉलिसी लॉन्च के बाद प्रदेश में 2 लाख 37 हजार करोड़ रुपये के 123 एमओयू और 9,600 करोड़ रुपये के अतिरिक्त एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इनमें से 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए शुभ संकेत है। निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम करके ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन को साकार किया जा सकता है।

निवेशकों को जमीन और प्रत्येक जिले में उद्योग साथियों का सहयोग

उद्योग विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि जापान, सिंगापुर, मुंबई, करनाल और गुरुग्राम में नई पॉलिसी के तहत हुए एमओयू का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है। निवेशकों को एचएसआईआईडीसी की औद्योगिक संपत्तियों के अलावा निजी जमीन उपलब्ध करवाने के लिए अलग टीम गठित की गई है। निजी औद्योगिक पार्कों में भी जमीन के विकल्प उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में चार-चार ‘उद्योग साथी’ नियुक्त किए गए हैं, जो निवेशकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध करवाते हैं। विभाग ने वित्त विभाग से 500 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट की मांग की है।

एमएसएमई को सब्सिडी और लॉजिस्टिक्स योजनाओं से मिलेगा बढ़ावा

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि एमएसएमई के तहत ‘प्लग एंड प्ले’ पॉलिसी में 5 लाख रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। अब निवेशक विक्रेता के बजाय खरीदार (बायर) के रूप में आएगा। इसके अलावा हरियाणा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स प्लान और हरियाणा ईवी-कार्गो लॉजिस्टिक्स स्कीम के प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं।

इस दौरान राव नरबीर सिंह ने निर्देश दिए कि एमएसएमई के तहत भारत सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए। फर्म एवं सोसायटी एक्ट के तहत लंबित याचिकाओं का समाधान करने के साथ-साथ एक्ट में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि आगामी विधानसभा सत्र में संशोधन को सदन में पेश किया जा सके।

मानेसर में 250 एकड़ में बनेगा अर्बन हिडन पार्क

डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि एचएसआईआईडीसी की ओर से मानेसर में दिल्ली के लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और अन्य अंतरराष्ट्रीय पार्कों की तर्ज पर लगभग 250 एकड़ में ‘अर्बन हिडन पार्क’ विकसित करने का प्रस्ताव है। पहले चरण में 83 एकड़ में काम शुरू किया जाएगा। इसकी आरएफपी तैयार करने के लिए एजेंसी को कहा गया है। ये पार्क गुरुग्राम के लिए ‘ग्रीन लंग्स’ के रूप में काम करेंगे।

बैठक में उद्योग विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक श्री विनय प्रताप सिंह, एमएसएमई के अतिरिक्त निदेशक श्री भारत भूषण गोगिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments