Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaहर बच्चे की सफलता सुनिश्चित करना ही सफलता मिशन का मूल उद्देश्य:सुधीर...

हर बच्चे की सफलता सुनिश्चित करना ही सफलता मिशन का मूल उद्देश्य:सुधीर कालड़ा

पी.एम. श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवीदास पुरा का जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण, बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों और शिक्षकों से की सीधी बातचीत, कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाएं लगाने और अभिभावकों से नियमित संवाद करने के निर्देश
कुरुक्षेत्र, 13 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला शिक्षा अधिकारी कुरुक्षेत्र सुधीर कालड़ा ने शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवीदास पुरा का दौरा कर सफलता मिशन के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या, दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों तथा बोर्ड कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों से बातचीत कर मिशन की प्रगति का जायजा लिया। उनका मुख्य उद्देश्य यह जानना था कि विद्यालय में सफलता मिशन को किस गंभीरता और प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षक और विद्यालय मुखिया क्या प्रयास कर रहे है।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम की तैयारी और विषयों से संबंधित कठिनाइयों के बारे में बातचीत की। उन्होंने देखा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की कक्षाएं बरामदों में संचालित की जा रही हैं। पूछने पर प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के 14 कमरे असुरक्षित घोषित किए गए थे, जिन्हें अब डिमोलिश करवा दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर डिमोलिश किए गए कमरों की साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि कमरों को गिराने के बाद मलबा भी पूरी तरह हटाया जा चुका है तथा पूरा परिसर साफ और सुरक्षित स्थिति में है।
रिजल्ट रजिस्टर से किया विषयवार परिणाम का विश्लेषण
इसके पश्चात सुधीर कालड़ा ने प्राचार्य की उपस्थिति में दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं को पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने विद्यालय के रिजल्ट रजिस्टर का अवलोकन करते हुए प्रत्येक विषय के परीक्षा परिणाम की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान पिछले शैक्षणिक सत्र के परिणाम और वर्तमान सत्र की अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम की तुलना भी की गई। जिन विषयों और विद्यार्थियों का प्रदर्शन रेड जोन में दिखाई दिया, उनके संबंध में शिक्षकों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली गई तथा यह पूछा गया कि कमजोर विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष एवं रेमेडियल कक्षाएं शुरू की गई हैं। इसके अतिरिक्त अभिभावक-अध्यापक बैठक (पीटीएम) आयोजित कर संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी उनकी शैक्षणिक स्थिति से अवगत करवाया गया है। अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देने और परीक्षा की तैयारी के लिए घर पर अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रेरित किया गया है।
एक बच्चे की असफलता पूरे परिवार के लिए शून्य प्रतिशत परिणाम:सुधीर कालड़ा
शिक्षकों को प्रेरित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने एक महत्वपूर्ण उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी कक्षा में 50 विद्यार्थी पढ़ते हैं और उनमें से 49 विद्यार्थी पास हो जाते हैं तो विद्यालय का परिणाम 98 प्रतिशत माना जाता है। लेकिन हमें उस एक विद्यार्थी के परिवार के दृष्टिकोण से भी सोचना चाहिए। उस परिवार के लिए तो परीक्षा परिणाम शून्य प्रतिशत ही है, क्योंकि उस घर का वही एक बच्चा उस कक्षा में पढ़ रहा है। इसलिए हमें अपने स्कूल के केवल अच्छे पास प्रतिशत के आंकड़ों से संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक बच्चे की सफलता को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया जाए। कमजोर बच्चों को अतिरिक्त समय देकर उनकी शैक्षणिक कमियों को दूर किया जाए तथा अभिभावकों को नियमित रूप से उनके बच्चों की प्रगति के बारे में जानकारी दी जाए। हमारा प्रयास ऐसा होना चाहिए कि परीक्षा के समय प्रत्येक विद्यार्थी आत्मविश्वास से परिपूर्ण हो और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में बैठे।


केवल पास करवाना नहीं, बच्चों का भविष्य संवारना है हमारा लक्ष्य
डीईओ सुधीर कालड़ा ने कहा कि सफलता मिशन का उद्देश्य केवल दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को उत्तीर्ण करवाना नहीं है, बल्कि उन्हें इतने अच्छे अंकों के साथ सफल बनाना है कि वे भविष्य में अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की क्षमता अलग होती है, इसलिए शिक्षकों को भी प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकता के अनुसार शिक्षण रणनीति अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा हरियाणा श्री विजय सिंह दहिया के दूरदर्शी विजन के अनुरूप प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में सफलता मिशन शुरू किया गया है। यदि सभी विद्यालय इस मिशन को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ लागू करें तो कोई कारण नहीं है कि दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रत्येक विद्यार्थी सफल न हो और विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत न आए। उन्होंने प्राचार्या को भी निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से शिक्षकों के साथ बैठक कर विषयवार प्रगति की समीक्षा करें, रेड जोन वाले विद्यार्थियों पर विशेष निगरानी रखें और सुधारात्मक प्रयासों की प्रभावशीलता सुनिश्चित करे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments