कुरुक्षेत्र, 14 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं बच्चों के लिए एनीमिया जांच और योग शिविर लगाए गए, वहीं दूसरी ओर विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयुष गांव कलाल माजरा में नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं मधुमेह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इन दोनों आयोजनों का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आयुष पद्धति से स्वस्थ जीवनशैली अपनाना रहा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इसी कड़ी में, आंगनबाड़ी केंद्र अमीन में पीएचसी अमीन की आयुष टीम द्वारा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. मोनिका गुप्ता एएमओ, डॉ. ज्योति एएमओ तथा योग सहायक सोनम ने कुल 34 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान उपस्थित लोगों को एनीमिया के लक्षणों, बचाव और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई तथा योगाभ्यास करवाया गया।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र मथाना में भी शिविर का आयोजन किया गया, जहां डॉ. मीनाक्षी एएमओ, फार्मासिस्ट सुभाष और योग सहायक अमृता ने 25 व्यक्तियों की जांच की, जिनमें 9 व्यक्ति एनीमिया से प्रभावित पाए गए। यहां लोगों को आयरन युक्त पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत स्वच्छता और योग-प्राणायाम के उपाय बताए गए। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रतिमाह दो बार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सके।
उन्होंने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयुष गांव कलाल माजरा में आयोजित शिविर का शुभारंभ ग्राम सरपंच सोहन लाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस शिविर में डॉ. संतोष द्वारा 72 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि बेबी रानी ने 25 व्यक्तियों की रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच की, जिसमें 14 का शुगर स्तर बढ़ा हुआ पाया गया। इसके अतिरिक्त 45 व्यक्तियों के रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की भी जांच की गई। डॉ. रवि कुमार ने मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव व नियंत्रण पर जागरूकता व्याख्यान दिया। इस शिविर में योग सहायक अनु एवं राय सिंह द्वारा योगासन करवाए गए, धर्मबीर द्वारा नि:शुल्क औषधियां बांटी गई, तथा आयुर्वेदिक औषधियों की प्रदर्शनी और विशेष आहार चार्ट व 150 जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रतिमाह दो बार आयोजित होने वाले इन शिविरों से महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो रही है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि संतुलित आहार, नियमित जांच और योग को अपनाकर एनीमिया व मधुमेह जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से बचाव किया जा सकता है। इस अवसर पर गुरदयाल सिंह, चेतन शर्मा जालखेड़ी, बलकार सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।







