16 नवंबर तक पश्चिमी विक्षोभ का रहेगा असर, इसके बाद बढ़ेगी ठंड और गिरेगा तापमान
हरियाणा, 15 नवबंर, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस मौसमी बदलाव का प्रभाव 16 नवंबर तक रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 15 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, इसके बाद मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, रात और सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध भी देखने को मिल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर विशेष रूप से राजस्थान सीमा से सटे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में दिखाई दे सकता है। इसके अलावा पंजाब सीमा से लगते हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर की रात तक पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और एनसीआर-दिल्ली क्षेत्र से आगे निकल जाएगा। इसके बाद हवाओं की दिशा उत्तर की ओर होने की संभावना है। उत्तर दिशा से चलने वाली हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।







