Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaछठ पूजा प्रकृति, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम, यह पर्व हमें...

छठ पूजा प्रकृति, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम, यह पर्व हमें अपनी मूल जड़ों से जोड़ता है : मुख्यमंत्री

Haryana CM Nayab Singh Saini celebrates the state-level Chhath Mahotsav in Yamunanagar, highlighting cultural unity, faith and government initiatives for workers’ welfare.

चंडीगढ़, 16 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय छठ महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल से संबंध रखने वाले लोगों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक व्यक्ति का जीवन सुख, समृद्धि और खुशियों से परिपूर्ण हो।मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर पूजा-अर्चना कर छठी मैया का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मां यमुना की पवित्र धरती पर हम सभी छठी मैया का आशीर्वाद लेने के लिए एकत्र हुए हैं। प्रकृति और संस्कृति का यह अद्भुत संगम हमें अपनी मूल जड़ों से और अधिक मजबूती से जोड़ता है। वह आज उस महान परंपरा का सम्मान करने के लिए यहां पहुंचे हैं, जिसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए लोगों ने अपनी आस्था और मेहनत के बल पर हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा का संबंध हरियाणा की धरती से भी रहा है। एक मान्यता के अनुसार छठ पर्व की शुरुआत महाभारत काल में हुई थी और सूर्यपुत्र कर्ण ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में सूर्य देवता की उपासना की शुरुआत की थी। इस प्रकार यह पर्व हमारी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ा हुआ है।

छठ पूजा के लिए प्रदेश में विकसित की जा रही हैं सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों की आस्था और परंपराओं का सम्मान करना तथा उनके हितों की रक्षा करना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत सरकार की ओर से छठ पूजा के आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि करनाल में 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसी घाट के सामने नहर के दूसरे किनारे पर भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत घाट बनाया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पंचकूला में भी छठ पूजा के लिए घाट का निर्माण किया गया है। पानीपत और सोनीपत में भी घाट बनाए जा चुके हैं।

मजदूरों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के मेहनती और कर्मठ भाई-बहन आज देश के विभिन्न राज्यों में अपनी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छठ पर्व को राष्ट्रीय पर्व का दर्जा दिया है, जो इस त्योहार के व्यापक सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मजदूरों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले 12 वर्षों के दौरान निर्माण श्रमिकों के कल्याण पर 3,931 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से भी मजदूरों के कल्याण पर लगभग 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजदूर परिवारों की बेटियों की शादी के लिए कन्यादान योजना के तहत 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार ने वेतन सीमा में वृद्धि करके अधिक से अधिक औद्योगिक और संगठित क्षेत्र के श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में शामिल किया है, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि मजदूरों के अपने घर का सपना पूरा करने के लिए प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता योजना भी लागू की गई है। मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र निर्माण श्रमिकों को घर बनाने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता सीधे प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार मजदूरों और उनके परिवारों की सुरक्षा, देखभाल, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास और पूर्व मंत्री कंवर पाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments