बाबैन, 16 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री पीएम सेतु योजना के तहत 320 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र, कैथल और अंबाला की सात आईटीआई का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन प्रशिक्षण केंद्रों में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), अंतरराष्ट्रीय रोजगार, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा ऑडियो-वीडियो और ग्राफिक्स जैसे भविष्य से जुड़े क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘नवीन अवसर’ कार्यक्रम के तहत एक वर्ष में 10,000 से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को जर्मनी, जापान, इटली, फिनलैंड और ओमान जैसे देशों में सम्मानजनक एवं सुरक्षित रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र का उद्घाटन करने के साथ-साथ लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 43 करोड़ 31 लाख रुपये की छह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्किल सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से बातचीत की और उनके द्वारा तैयार की गई एग्रीटेक ड्रोन तकनीक के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने रोजगार मेले का भी दौरा किया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र के लोकसभा सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा और मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र केवल एक इमारत नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के सपनों, संभावनाओं और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नया द्वार है। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करते हुए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर स्थापित किया गया है, जहां युवाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी प्रकार कैथल में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से आरकेएसडी-नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के लगभग 20 शिक्षण संस्थानों में ‘कैंपस इन कैंपस’ कार्यक्रम के तहत युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। यहां के लोगों से मिले प्यार और विश्वास के आधार पर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर स्थापित यह केंद्र शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन के उनके विचारों को आगे बढ़ाएगा। महात्मा फुले ने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर लड़कियों की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया था। आज भी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए लड़कियों और लड़कों को कौशलवान बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नवीन जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से विकसित किया गया आधुनिक कौशल केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि बहलोलपुर स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले आईटीआई को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से लैस करके अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस कार्य में सांसद नवीन जिंदल और नवीन जिंदल फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इस सहयोग के लिए सांसद और फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने जर्मनी, जापान, फिनलैंड और मॉरीशस सहित कई देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां की हैं, जिनके माध्यम से हरियाणा के 50 से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाल रही नैटर टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन का अनुभव भी युवाओं के लिए लाभदायक साबित होगा। इस केंद्र ने बजाज ऑटो, नाइलिट, स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स और नैसकॉम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ साझेदारी की है। इससे युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।
हर साल 1,000 से अधिक युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रोजगार की दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर तकनीक, साइबर सुरक्षा, सौर ऊर्जा, ड्रोन और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए केंद्र में हर साल 1,000 से अधिक विद्यार्थियों को अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम करवाने की योजना बनाई गई है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, सौर ऊर्जा, प्राकृतिक खेती और सिलाई तकनीक सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी पाने योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें दूसरों को रोजगार देने वाले उद्यमी बनाना भी है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने नई स्टार्टअप नीति लागू की है। इसके तहत युवाओं को वित्तीय और तकनीकी सहायता देकर अपना कारोबार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज प्रदेश में 12 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं।

हरियाणा विजन-2047 के तहत 50 लाख नए रोजगार पैदा करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा विजन-2047 तैयार किया है। इसके तहत राज्य की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों को पूरा करने में शिक्षित, कुशल और आत्मविश्वास से भरपूर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 27 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों ने 71 ट्रेडों में 40 उद्योगों के साथ समझौते किए हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं, जबकि करनाल, पानीपत और पंचकूला में तीन जिला कौशल केंद्र खोले गए हैं। पीएम-सेतु योजना के तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी मिली है। इसके तहत कुरुक्षेत्र को आईटीआई हब के रूप में विकसित किया जाएगा और कुरुक्षेत्र, कैथल, पिहोवा, पबनावा तथा अंबाला सिटी की छह आईटीआई को इससे जोड़ा जाएगा। जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड इस परियोजना में एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में हरियाणा सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
बिना पर्ची-बिना खर्ची के लगभग 2 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने योग्यता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पहले सरकारी नौकरियां प्राप्त करने के लिए पर्ची और खर्ची का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। पिछले 12 वर्षों के दौरान लगभग दो लाख युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हरियाणा का युवा यदि विदेश जाए तो वह अपने कौशल, सम्मान और सुरक्षा के साथ जाए, न कि डंकी रूट के माध्यम से। इस उद्देश्य से अवैध एजेंटों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाया गया है। इसके साथ ही विदेशों में शिक्षा और रोजगार के सुरक्षित अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विदेश सहयोग विभाग का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों की भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। हरियाणा विजन-2047 में महिला श्रम शक्ति की भागीदारी 45 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। महात्मा फुले ने जिस तरह बेटियों के हाथों में किताबें थमाने का कार्य किया था, उसी तरह आज यह कौशल केंद्र बेटियों को हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र को 43.31 करोड़ रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र को कुल 43 करोड़ 31 लाख 8 हजार रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें गांव खेड़ी दबदलान में 55.50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा 42 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये की लागत वाले पांच विकास कार्यों के शिलान्यास किए गए। इनमें गांव कोलापुर में 55.50 लाख रुपये की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, लाडवा में 12 करोड़ 88 लाख 56 हजार रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का निर्माण, जीटी रोड से गांव कोलापुर और बरगट चौक से सुनारिया चौक तक 15 करोड़ 3 लाख 54 हजार रुपये की लागत से सड़क को चार मार्गीय बनाना, लाडवा में 4 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की लागत से डॉ. बीआर अंबेडकर भवन का निर्माण तथा इंद्री रोड पर 9 करोड़ 83 लाख 73 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी संस्थाओं और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे मिलकर इस कौशल केंद्र को सफल बनाएं, ताकि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करके निकलने वाले युवा राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
समारोह के दौरान चार संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर
समारोह के दौरान युवाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए चार संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें 21वीं सदी के रोजगार कौशलों के प्रशिक्षण के लिए क्वेस्ट अलायंस, आईटी/आईटीईएस और उन्नत एआई प्रशिक्षण के लिए एनआईआईटी, डिजिटल लर्नर लाइफसाइकिल मैनेजमेंट सिस्टम के लिए एडुवेंटेज तथा वर्चुअल रियलिटी प्रशिक्षण के लिए फीस्ट संस्था के साथ समझौते किए गए।
कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की राजधानी बनाएंगे : नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और महात्मा ज्योतिबा फुले के आशीर्वाद से कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की राजधानी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस आईटीआई के आधुनिकीकरण और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। यह गर्व और संतोष की बात है कि लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं को प्रशिक्षण दे रहा है। इस केंद्र के माध्यम से हर साल 1,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यह केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन के तहत स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेगा। नवीन जिंदल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का मानना था कि शिक्षा की कमी के कारण बुद्धि, समझ, सही नीति, प्रगति और आर्थिक खुशहाली प्रभावित होती है। इसलिए शिक्षा व्यक्ति और समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। शिक्षा के साथ-साथ कौशल भी सामाजिक समानता, आत्मसम्मान और आर्थिक प्रगति का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बड़े सपने देखें, लगातार सीखते रहें और केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बनें। समय के साथ बदलती नई तकनीकों और कौशलों को सीखते रहें, क्योंकि कौशल के दम पर ही दुनिया जीती जा सकती है। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, जय भगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, गांव बहलोलपुर की सरपंच नेहा सैनी, नायब सिंह पाटक माजरा, संसदीय कार्यालय के प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल के कौशल विकास सलाहकार सेवानिवृत्त कर्नल अरुण चंदेल, नवीन जिंदल फाउंडेशन के कौशल विकास विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. मनीष मिश्रा और संस्था के उप प्रबंधक अभिषेक सहगल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







