Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaराष्ट्रीय नेचुरोपैथी दिवस पर जाट धर्मशाला में नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर आयोजित,...

राष्ट्रीय नेचुरोपैथी दिवस पर जाट धर्मशाला में नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर आयोजित, 106 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  महानिदेशक आयुष हरियाणा के निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय नेचुरोपैथी दिवस पर प्राकृतिक चिकित्सा शिविर आयुष विभाग, कुरुक्षेत्र द्वारा स्थानीय जाट धर्मशाला में नि:शुल्क आयुष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 106 से अधिक नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श एवं प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में भारतीय योग सेवा समिति के प्रधान श्री गुलशन ग्रोवर, गुरुकुल कुरुक्षेत्र के वरिष्ठ पंचकर्मा डॉ. देवानंद (एमडी पंचकर्मा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जाट धर्मशाला के प्रधान श्री कृष्ण श्योकंद ने भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर डॉ. देवानंद, डॉ. मोनिका गुप्ता, मंजीत (योग विशेषज्ञ) एवं गुलशन ग्रोवर ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों, महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा प्रकृति के पांच तत्वों जिनमें, पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश के सिद्धांत पर आधारित है। इसमें शरीर की स्वाभाविक स्वास्थ्य संरक्षण एवं पुनर्संतुलन क्षमता को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक संसाधनों और जीवनशैली में सुधार पर विशेष बल दिया जाता है। शिविर में मिट्टी की पट्टी, मिट्टी स्नान, भाप स्नान, कटि स्नान, पूर्ण टब स्नान, पाद स्नान, रीढ़ स्नान, सूर्य स्नान तथा गर्म एवं ठंडे सेक जैसी प्राकृतिक चिकित्सा प्रक्रियाओं का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही योग एवं प्राणायाम के माध्यम से तनाव प्रबंधन, शारीरिक सक्रियता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और नियमित दिनचर्या को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस का उद्देश्य आमजन को प्रकृति आधारित स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा रोगों की रोकथाम में स्वस्थ जीवनशैली की भूमिका को समझाना है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा में औषधियों पर निर्भरता कम रखते हुए मिट्टी, जल, सूर्य प्रकाश, वायु, योग एवं आहार-विहार के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया जाता है। उन्होंने आमजन से योग, प्राणायाम और संतुलित दिनचर्या को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


शिविर को सफल बनाने में डॉ. पुलकित, डॉ. मेनका, डॉ. मोनिका पुनिया, दीपक रिमाल, पूनम, संदीप कुमार, रोहताश कुमार, दीक्षा, बाला देवी, सोनिका, राजत कंबोज, विरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, सोनम, निशि, भीम सिंह, हरदीप सिंह, नरेंद्र, अमरिया, सविता, पूजा रानी, राज कुमार एवं राय सिंह ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। आयुष विभाग द्वारा जिले में जन स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से इस प्रकार के नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं शिविर के दौरान प्रमुख सन्देश पंचमहाभूत आधारित प्राकृतिक चिकित्सा, मिट्टी, जल, सूर्य प्रकाश एवं वायु का चिकित्सीय उपयोग, योग एवं प्राणायाम से तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार एवं नियमित दिनचर्या, रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संरक्षण में प्राकृतिक जीवनशैली की भूमिका शामिल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments