ओटावा, 26 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): केनैडा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सामान के टैग बदलकर नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के मामले सामने आने के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का फैसला किया है। परिवहन विभाग के अनुसार, एयरपोर्टों पर कार्यरत कर्मचारियों की पृष्ठभूमि जांच में करीब 7,000 कर्मचारियों के आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि इन रिकॉर्ड में गंभीर अपराधों के साथ बड़ी यातायात उल्लंघन जैसी घटनाएं भी शामिल हैं। अब संबंधित कर्मचारियों की पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि किन मामलों में अनजाने में गलतियां हुईं और कहां जानबूझकर सुरक्षा से समझौता किया गया। सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया है।
हाल ही में कुछ एयरपोर्ट कर्मचारियों पर आरोप लगा था कि उन्होंने तस्करों के सूटकेसों पर आम यात्रियों के बैगेज टैग लगाकर नशीले पदार्थ बाहर निकलवाए। इससे निर्दोष यात्रियों को भी जांच और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, तीन साल पहले टोरंटो के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 2 करोड़ केनैडाई डॉलर मूल्य के सोने की चोरी का मामला भी सामने आया था। इस घटना में फर्जी दस्तावेजों के जरिए सोने की खेप हासिल की गई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने केनैडा के एयरपोर्ट सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







