Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaकुरुक्षेत्र में 101 सड़क हादसों में 31 लोगों की मौत, एनएच-44 पर...

कुरुक्षेत्र में 101 सड़क हादसों में 31 लोगों की मौत, एनएच-44 पर अवैध कट बनाने वालों पर एफआईआर

कुरुक्षेत्र, 26 जून 2026 (संजीव शर्मा) : कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 101 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 70 लोग घायल हुए हैं, जबकि 31 लोगों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर कुरुक्षेत्र सीमा के भीतर अवैध कट बनाने वाले कुछ लोगों, ढाबा संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि इन अवैध कटों के कारण सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है और इन्हें जल्द बंद कराया जाएगा।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) द्वारा 11 एजेंडों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने, पिहोवा रोड और ढांड रोड पर वाहनों की गति पर कड़ी निगरानी रखने तथा चयनित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लाडवा चौक पर यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक सिग्नल (रेड लाइट सिस्टम) शुरू करने तथा ब्रह्म सरोवर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य तेज करने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा आयुर्वेदिक कॉलेज के पास लोटस ग्रीन सिटी की ओर जाने वाली सिंगल लेन सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़कों की मरम्मत, एनएच-44 से अतिक्रमण हटाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अन्य कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
बैठक में एसडीएम अमन कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र चौधरी, डीएसपी सुनील कुमार, डीएसपी निर्मल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments