नई दिल्ली 26 जून 2026 : ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सशस्त्र बलों के छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए गए हैं। इनके नाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (नेशनल वॉर मेमोरियल) की ‘रोल ऑफ ऑनर’ सूची में शामिल किए गए हैं और स्मारक की ‘वॉल 3डी’ पर वर्ष 2025 के अनुभाग में अंकित किए गए हैं। इसके साथ ही देश की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को औपचारिक रूप से सम्मान दिया गया है।
शहीद जवानों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, एविएशन टेक्नीशियन मूड मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत मई 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर सैन्य कार्रवाई की थी। इसी अभियान के दौरान ये छह जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे।
इस अभियान की पृष्ठभूमि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले से जुड़ी है। दोपहर करीब 2:50 बजे आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में अधिकांश हिंदू श्रद्धालु थे, जबकि एक ईसाई और एक मुस्लिम नागरिक भी शामिल थे। हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं।
इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली थी, जिसे सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा संगठन मानती हैं। इस घटना के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीमापार आतंकी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की थी।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों के नाम अंकित किए जाने को उनके साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।