लुधियाना में धानक समाज द्वारा आयोजित संत कबीर के 628वें प्रकट दिवस के राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत
भाजपा सरकार बनते ही उसी दिन पंजाब छोड़कर भाग जाएंगे नशा बेचने वाले : मुख्यमंत्री
लुधियाना में संत कबीर भवन के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा
चंडीगढ़, 28 जून,2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब की सबसे बड़ी समस्या बढ़ता हुआ नशा है। नशे के कारण अनेक परिवार बर्बाद हो चुके हैं और कई माताओं की गोद सूनी हो गई है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं, लेकिन आज वे नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दिन पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, उसी दिन से नशा बेचने वाले राज्य छोड़कर चले जाएंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को लुधियाना में धानक समाज द्वारा संत कबीर के 628वें प्रकट दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लुधियाना में संत कबीर भवन के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि कबीरदास महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके प्रकट दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब समाज अंधविश्वास, पाखंड, छुआछूत और रूढ़िवादिता के अंधकार में डूबा हुआ था, तब संत कबीर का अवतरण एक प्रकाश पुंज के रूप में हुआ। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी से समाज को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि संत कबीर दास समरसता, समानता और मानवता के संदेश को घर-घर पहुंचाने वाले महान समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज को जोड़ने और इंसानियत का मार्ग दिखाया। उनका पूरा जीवन सत्य की खोज और असत्य के निर्भीक विरोध में बीता। उन्होंने सभी धर्मों में व्याप्त कुरीतियों और रूढ़ियों पर प्रहार किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब में भी संत कबीर की वाणी को विशेष सम्मान प्राप्त है और हरियाणा सरकार उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का कार्य कर रही है। राज्य के प्रत्येक जिले में संतों के प्रकाश पर्व मनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर के सर्वजन कल्याण, समानता और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के संदेश को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपनाया और भारतीय जनता पार्टी उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस शासनकाल के दौरान गरीबों को केवल कागज पर प्लॉट दिए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 20 हजार गरीब परिवारों को वास्तविक कब्जा दिलाया है। इसके अलावा शेष पात्र परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में गरीब परिवारों को 30-30 वर्ग गज के प्लॉट दिए गए हैं तथा सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 7200 से अधिक फ्लैट वितरित किए गए हैं। इसके साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता, 500 रुपये में गैस सिलेंडर तथा आयुष्मान चिरायु योजना का लाभ दिया जा रहा है। किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा रही हैं तथा सब्जियों को भी भावांतर भरपाई योजना में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद संत कबीर के बताए मार्ग पर चलते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों साफ हैं तथा पार्टी ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि संत कबीर द्वारा बताए गए सामाजिक समानता के विचारों को बाबा साहेब ने भारतीय संविधान में स्थान देकर प्रत्येक नागरिक को कानूनी अधिकार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। हरियाणा में पिछले साढ़े 11 वर्षों के दौरान पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का संदेश आज भी समाज की प्रगति का सबसे बड़ा आधार है। शिक्षा ही सामाजिक असमानता और दासता की बेड़ियों को तोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि संत कबीर दास द्वारा दिखाए गए समरसता के मार्ग और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षा एवं संगठन के सिद्धांतों को अपनाकर सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर सतीश खुंडिया, प्रो. जयनारायण, जिला अध्यक्ष रणजीत धीमान, प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, पूर्व सांसद सरदार अमरीक सिंह, राखी अग्रवाल, डॉ. कनिका जिंदल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






