चंडीगढ़, 1 जुलाई हरियाणा के मुख्य सचिव अनूराग रस्तोगी ने बुधवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने प्रदेश से जुड़े समसामयिक विषयों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास की गति बनाए रखने के लिए सरकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना जरूरी है। मुख्य सचिव ने भी राज्य में विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।

इसी बीच हरियाणा सरकार ने किसानों और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की 10 सेवाओं को हरियाणा राइट टू सर्विस एक्ट, 2014 के तहत अधिसूचित कर दिया है। अब किसानों को जे-फॉर्म एक दिन के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा एनओसी, डुप्लीकेट एवं पुनः आवंटन, कन्वेयंस डीड, संपत्ति हस्तांतरण तथा कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल या मृत होने पर अनुग्रह सहायता जैसी कई सेवाओं के लिए 15 से 60 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। सरकार ने इन सेवाओं के लिए नामित अधिकारियों और शिकायत निवारण अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी है।
वहीं, मानसून के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जुलाई महीने को ‘डेंगू रोकथाम माह’ के रूप में मनाने की अपील करते हुए लोगों से अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन के समय काटता है। उन्होंने प्रत्येक रविवार घरों में और प्रत्येक शुक्रवार कार्यालयों में ‘सूखा दिवस’ मनाने, कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई करने तथा पूरी बाजू के कपड़े पहनने और मच्छररोधी उपाय अपनाने की सलाह दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा के हर जिले के सिविल अस्पताल में प्लेटलेट्स की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि डेंगू के मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने नागरिकों से डेंगू की रोकथाम में सरकार के साथ सक्रिय सहयोग करने की अपील की।






