लुधियाना, 1 जुलाई,2026 : लुधियाना के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब मेडिकल जांच कराने आए कुछ युवकों और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
मेडिकल जांच कराने आए युवकों का आरोप है कि वे अपने घायल साथी का मेडिकल करवाने के लिए इमरजेंसी में पहुंचे थे, लेकिन इलाज और मेडिकल प्रक्रिया शुरू करने के बजाय डॉक्टर ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और अस्पताल में हंगामा हो गया।
वहीं, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने युवकों के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। डॉक्टर का कहना है कि मेडिकल कराने आए युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की, धक्का-मुक्की की और अस्पताल के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के साथ हमला करने का प्रयास भी किया। इस घटना से अस्पताल की कार्यप्रणाली कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विवाद के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






