गुरु नानक देव डेंटल कॉलेज में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए, निःशुल्क मेडिकल एवं डेंटल कैंप लगाया गया
मनीष सिसोदिया, कुलतार सिंह संधवां, हरपाल सिंह चीमा, बरिंदर गोयल, गुरमीत सिंह खुड्डियां, मलविंदर सिंह कंग सहित कई प्रमुख हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
सुनाम ऊधम सिंह वाला, 3 जुलाई, 2026 : पंजाब के पूर्व मंत्री स्वर्गीय बाबू भगवान दास अरोड़ा की 26वीं पुण्यतिथि आज गुरु नानक देव डेंटल कॉलेज, सुनाम ऊधम सिंह वाला में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए, अरदास के उपरांत कीर्तन दरबार सजाया गया तथा लोगों की सेवा के लिए निःशुल्क डेंटल एवं मेडिकल कैंप भी लगाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक एवं शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा द्वारा की गई निस्वार्थ जनसेवा, सादगी, ईमानदारी तथा समाज के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि 26 वर्ष बाद भी लोग उन्हें उसी सम्मान के साथ याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा कर रहे हैं।
पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष श्री कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके कर्मों से होती है और स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा ने अपना पूरा जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जो माता-पिता अपने बच्चों को सेवा, सत्य और ईमानदारी के संस्कार देते हैं, वे सदैव समाज में जीवित रहते हैं। उन्होंने अरोड़ा परिवार द्वारा जनसेवा की इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने की सराहना की।
लोकसभा सदस्य मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा केवल एक राजनेता ही नहीं थे, बल्कि अपने आप में एक संस्था थे, जिन्होंने विकास एवं समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में गुरु नानक देव डेंटल कॉलेज की स्थापना करना उनकी दूरदर्शिता का प्रतीक था, जिसका लाभ आज देश-विदेश में सेवाएं दे रहे हजारों विद्यार्थियों को मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों के आदर्श सदैव समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन अरोड़ा ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि यद्यपि उनके पिता को इस संसार से विदा हुए 26 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उनके आदर्श, विचार एवं आशीर्वाद आज भी परिवार की प्रेरणा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव डेंटल कॉलेज की स्थापना का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि मालवा क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। आज इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर हजारों विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा की दूरदर्शिता एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि स्व. बाबू भगवान दास अरोड़ा के साथ उनका संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक भी था। उन्होंने कहा कि स्व. अरोड़ा द्वारा जनसेवा एवं ईमानदारी के दिए गए संस्कारों को उनके सुपुत्र श्री अमन अरोड़ा पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं और जनसेवा के माध्यम से अपने पिता के आदर्शों को साकार कर रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, विधायक नरेंद्र कौर भराज, दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, बलकार सिंह सिद्धू, कुलवंत सिंह पंडोरी, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, अशोक पराशर पप्पी, मदन लाल बग्गा, जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरमेल सिंह घराचों सहित बड़ी संख्या में धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां उपस्थित थीं। मंच संचालन नगर परिषद सुनाम के अध्यक्ष मनप्रीत बंसल ने किया।






