कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा बोले— जनसेवा और विकास के प्रति स्वर्गीय भगवान दास अरोड़ा का योगदान सदैव याद रखा जाएगा
सुनाम, 3 जुलाई, 2026: पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय भगवान दास अरोड़ा की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से लगभग 80 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए विशाल एवं आधुनिक पार्क का लोकार्पण पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि स्वर्गीय भगवान दास अरोड़ा ने अपने राजनीतिक जीवन में जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सादगी, लोगों से आत्मीय जुड़ाव और निस्वार्थ सेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री भगवान दास अरोड़ा के व्यक्तित्व की सुगंध आज भी समाज में व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यह पार्क केवल एक संरचना नहीं, बल्कि भगवान दास अरोड़ा के संघर्षपूर्ण एवं जनहितैषी जीवन की एक स्थायी स्मारक के रूप में कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए हरियाली से भरपूर एक सुंदर स्थल साबित होगा, जहां लोग सुबह-शाम सैर करने के साथ-साथ अपना गुणवत्तापूर्ण समय भी व्यतीत कर सकेंगे। पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था, आकर्षक पैदल पथ, सुंदर उद्यान और अन्य आधुनिक विकास कार्य किए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की बुनियादी आवश्यकताओं तथा शहरी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने, सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण करने और नागरिकों को बेहतर जीवन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।
समारोह के दौरान स्वर्गीय भगवान दास अरोड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन एवं जनसेवा में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां, सामाजिक कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी तथा स्वर्गीय भगवान दास अरोड़ा के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।






