नई दिल्ली, 9 जुलाई, 2026 : राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-26 में निर्माणाधीन इमारत गिरने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे में फंसे एक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अन्य लोगों की तलाश और मलबा हटाने का कार्य जारी है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस), टीपीडीडीएल तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। मलबे से जीवित निकाले गए मजदूर की पहचान सद्दाम उर्फ रवि (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक राम (42 वर्ष), काफे उर्फ नूरुल (24 वर्ष) और राम दुआ (62 वर्ष) की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राम दुआ निर्माणाधीन इमारत के मालिक के पिता थे। चौथे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।