Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryana'कांग्रेस ने गरीबों को केवल झूठे वादे दिए, मोदी सरकार ने उनके...

‘कांग्रेस ने गरीबों को केवल झूठे वादे दिए, मोदी सरकार ने उनके आंसू पोंछे’ : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 10 जुलाई, 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में गरीबों, किसानों, युवाओं और बुजुर्गों को केवल झूठे वादे और निराशा दी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को केवल आंसू दिए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके आंसू पोंछने का काम किया है।

शुक्रवार को हरियाणा निवास में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसी व्यवस्था बनी है, जिसमें पात्र लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना और किसी सिफारिश के बिना योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पारदर्शिता, सुशासन और अंत्योदय की भावना के साथ गरीब, किसान, महिला, युवा, बुजुर्ग और वंचित वर्ग के जीवन को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे कर जनता को गुमराह करती हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने इसके विपरीत बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां देने की व्यवस्था लागू की है तथा पिछले डेढ़ वर्ष में 50 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्त किया गया है।

पंजाब का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां किसानों, युवाओं और आम लोगों से किए गए कई चुनावी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या पर भी चिंता जताते हुए कहा कि केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई से ही युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों को पक्का मकान, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं और आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है तथा आज विश्व मंच पर देश की भूमिका पहले से अधिक मजबूत हुई है।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे के दौरान राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। वहीं, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सरकार वर्षा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और आवश्यक स्थानों पर बोरवेल बनाने का कार्य तेजी से कर रही है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments