Wednesday, August 26, 2026
HomeNationalबीमारी और कथित कार्यस्थल के दबाव से परेशान शिक्षक ने की आत्महत्या...

बीमारी और कथित कार्यस्थल के दबाव से परेशान शिक्षक ने की आत्महत्या की कोशिश, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

कार्यस्थल के दबाव से परेशान शिक्षक ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग, परिवार ने अधिकारियों पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

नई दिल्ली, 10 जुलाई, 2026 : दिल्ली के एक सर्वोदय विद्यालय में कार्यरत 45 वर्षीय गणित शिक्षक आनंद कुमार सरोहा ने कथित तौर पर मानसिक तनाव और कार्यस्थल पर बढ़ते दबाव के चलते रानी झांसी फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक का पहले हिंदू राव अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें सेंट स्टीफंस अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके दोनों हाथों की हड्डियां टूट गई हैं और सर्जरी की आवश्यकता है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 8 जुलाई की शाम करीब 4:33 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आनंद कुमार सरोहा अस्थमा के मरीज हैं और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। वह सदर बाजार क्षेत्र के बूथ संख्या 141 से 150 तक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सुपरवाइजर के रूप में तैनात थे।

परिजनों का आरोप है कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद शिक्षक लगातार 10 दिनों से मेडिकल अवकाश की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी छुट्टी की अर्जी बार-बार खारिज कर दी गई। परिवार का कहना है कि उन्हें चुनाव संबंधी कार्य पूरा करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए। परिजनों ने यह भी दावा किया कि फ्लाईओवर से छलांग लगाने से पहले उन्होंने कथित तौर पर डेटॉल भी पी लिया था।

शिक्षक के साले विक्रम सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और प्रशासनिक दबाव के कारण आनंद कुमार सरोहा इस हद तक निराश हो गए कि उन्हें अपनी जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं दिखाई दिया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। वहीं, परिवार का कहना है कि इस मामले में पारदर्शी जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होने से भविष्य में अन्य सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments